मऊ में गरीब समाज की मांगों को लेकर प्रदर्शन, जमीन के पट्टे और मूलभूत सुविधाओं के लिए सीएम को ज्ञापन
मऊ की सदर तहसील परिसर में मंगलवार को गरीब और वंचित समाज के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। गरीब समाज पार्टी और अधिकार मंच के बैनर तले डोम, मुसहर, नट, धरकार और बांसफोर समाज के लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे दिए जाने समेत कई मांगें उठाईं।
प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। पार्टी अध्यक्ष अवधेश बागी ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीब परिवार आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
ज्ञापन में पात्र परिवारों को आवास, नए राशन कार्ड जारी करने और प्रति यूनिट 25 किलो राशन देने, झुग्गी-बस्तियों में पेयजल के लिए हैंडपंप लगाने और गरीब परिवारों का बिजली बिल 50 रुपये किए जाने की मांग की गई। वहीं बांसफोर समाज ने सड़क किनारे सरकारी बांस के बागान विकसित करने की मांग भी रखी।