कैलाश डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल तेज, डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
जमुई। जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर जिला प्रशासन की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अलीगंज प्रखंड स्थित कैलाश डैम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डैम को सिंचाई के प्रमुख साधन के साथ-साथ आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान डैम के आसपास फैली पहाड़ियों, विस्तृत जलराशि और मनोरम प्राकृतिक वातावरण ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस स्थल को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करना है। इसके तहत विभिन्न दर्शनीय स्थलों की पहचान कर उनकी पर्यटन क्षमता का आकलन किया जा रहा है। साथ ही पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
नक्सलवाद के समाप्ति के बाद जिले में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होने और जिले की अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, अलीगंज, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Jamui, Jamui | Oct 31, 2026