तीन दिन से 40 फीट गहरे कुएं में फंसा था बेजुबान...
मोहना गांव में एक बेजुबान की जिंदगी बचाने के लिए चले रेस्क्यू ऑपरेशन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां एक डॉग करीब तीन दिनों से 40 फीट गहरे कुएं में फंसा हुआ था, जिसके कारण उसकी जान पर बन आई थी।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पहले फायर ब्रिगेड की टीम और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयास किए गए, लेकिन डॉग को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता नहीं मिल सकी। कुएं की गहराई और परिस्थितियों के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
इसी बीच पशु प्रेमी प्रीति दुबे की डॉग रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रीति दुबे की टीम ने डॉग को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों का कहना है कि डॉग पिछले तीन दिनों से कुएं में फंसा हुआ था और उसकी हालत लगातार कमजोर होती जा रही थी। ऐसे में समय रहते हुए रेस्क्यू होना उसके लिए किसी नई जिंदगी से कम नहीं था।
मोहना गांव में हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्थानीय लोग प्रीति दुबे और उनकी टीम की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं, जिन्होंने मौत के मुंह में फंसे एक बेजुबान को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे नया जीवन दिया।