शादी के 9 महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट कर हत्या का लगाया आरोप-
छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुबूही खातून पुत्री मोहम्मद इलयास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बड़ी कुंजरेटी की निवासी थी और वर्तमान में अपने ससुराल हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में रह रही थी।परिजनों के अनुसार, सुबूही की शादी 12 अक्टूबर 2025 को टीकमगढ़ में आयोजित विवाह सम्मेलन के माध्यम से फिरोज खान से हुई थी, जबकि निकाह छतरपुर में संपन्न हुआ था।मृतका के मायके पक्ष ने पति फिरोज खान, सास नजमा, ननद शायमा और जेठ मौसिम पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर सुबूही के साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे ससुराल में उसके साथ मारपीट हुई। इसके बाद शाम करीब 5:50 बजे मृतका की बड़ी बहन रुक्सार को सूचना दी गई कि सुबूही ने फांसी लगा ली है और उसका शव घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में फंदे से लटका हुआ है। परिजनों ने जब जिला अस्पताल में हंगामा किया तो ससुराल पक्ष के लोग शव को छोड़कर वहां से भाग निकले,घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।