पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, जंगल में दफनाया शव
छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अमरोनिया गांव के पास नाले के किनारे जंगल में एक 22 वर्षीय युवक का शव जमीन में दबा मिला। मृतक की पहचान प्रेम लाल रैकवार (22) के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, प्रेम लाल शुक्रवार को घर से गेहूं पिसाने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
तलाश के दौरान पहले उसकी लावारिस बाइक मिली और फिर नाले के पास उसका शव बरामद हुआ।मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रेम लाल की पत्नी का अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध चल रहा था।
पत्नी ने अपने इसी आशिक के साथ मिलकर पति की हत्या की पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे लगातार पूछताछ जारी है।