छतरपुर - नौगांव के बापू डिग्री कॉलेज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बमोरी से बारात लेकर बांदा जिले के अतर्रा क्षेत्र की ओर जा रहा था। जब वाहन नौगांव के बापू डिग्री कॉलेज के पास पहुंचा, तभी वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई।बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल 17 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं 11 अन्य घायलों का इलाज नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार वाहन चालक के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर