🌸 जनता के द्वार पहुँचा जिला प्रशासन, पंचायत स्तर पर हुआ जनसमस्याओं का समाधान 🌸
महुआवाँ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में 88 आवेदन प्राप्त, सभी 88 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन। ✅
जनता की समस्याओं का समाधान अब उनके अपने पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। इसी कड़ी में आज दिनांक 03 नवम्बर 2026 को मदनपुर प्रखंड अंतर्गत महुआवाँ पंचायत के सामुदायिक भवन परिसर में ‘सहयोग शिविर’ एवं ‘सेवा सेतु शिविर-सकार आपके द्वार’ का आयोजन किया गया।
इस शिविर की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने की। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनने, उनके आवेदनों को प्राप्त करने तथा संबंधित विभागों के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की पहल की गई।
🎯 88 आवेदन प्राप्त, सभी 88 का निष्पादन
महुआवाँ पंचायत में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए। जिला प्रशासन की तत्परता एवं विभागीय समन्वय के परिणामस्वरूप सभी 88 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया। इस प्रकार शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।
🗣️ प्रशासन अब जनता के द्वार पर, समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी की परिकल्पना के अनुरूप सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आम जनता के द्वार तक पहुँचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अब ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय एवं विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि प्रशासन स्वयं पंचायत स्तर पर पहुँचकर उनकी शिकायतें सुनेगा और यथासंभव उनका समाधान करेगा।
उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का एक माह के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। जिन मामलों का समाधान शीघ्र संभव है, उनका निष्पादन 15 दिनों के भीतर किया जाएगा। वहीं, भूमि विवाद जैसे मामलों का निपटारा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो ग्रामीण शिविर के दिन आवेदन नहीं दे पाते हैं, वे प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के समक्ष सहयोग शिविर के तहत अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों तथा कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जनता के सेवक के रूप में आम नागरिकों से संवेदनशीलता एवं विनम्रता के साथ व्यवहार करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें।
🎁 लाभुकों के बीच विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं योजनाओं का लाभ वितरित
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। इससे पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की पहल को बल मिला।
वहीं, पोषण माह के अंतर्गत जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
🏛️ एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध
ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए थे।
इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, सात निश्चय-2 के अंतर्गत नल-जल योजना, कौशल विकास योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल शामिल थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।
🏥 स्वास्थ्य शिविर में जाँच एवं उपचार की सुविधाएँ
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को दवा वितरण, नेत्र जांच, रक्त जांच एवं रक्तचाप जांच जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत कार्ड एवं यूडीआईडी कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करने की पहल की गई।
जिला बाल संरक्षण इकाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
🔍 जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिविर परिसर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाए तथा किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मदनपुर, अंचल अधिकारी, मदनपुर, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, मदनपुर, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद की प्रतिबद्धता है कि प्रशासनिक सेवाएँ आम जनता के लिए सुलभ, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनें। सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए पंचायत स्तर पर ही जनसमस्याओं का समाधान तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
#SamratChoudhary #CMSamrat #AurangabadBihar #SahyogShivir #JanSamadhan #GoodGovernance #BiharGovernment
#BharatCrimeLiveNews #AurangabadBihar #Madanpur #SahyogShivir #JanSamadhan #DMAbhilashaSharma #SPUpendranathVerma #SamratChoudhary #BiharGovernment #GoodGovernance #जनता_के_द्वार
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Panchayati Raj Department, Government of Bihar CMO Bihar