रूद्रप्रयाग शहर के बेलनी पुल पर बवाल, एक सप्ताह से आंदोलन,,
पुराने पुल पर ही नया पुल बनाने की मांग, 35 से अधिक व्यापारी-भवन स्वामी प्रभावित होने का दावा,,
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग शहर के बेलनी में प्रस्तावित नए मोटर पुल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पुल निर्माण के विरोध में स्थानीय व्यापारी और भवन स्वामी पिछले एक सप्ताह से धरने पर हैं। भारी बारिश के बावजूद आंदोलनकारियों का प्रदर्शन जारी है और अब आंदोलन तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
दरअसल, करीब 60 वर्ष पुराने जर्जर स्टील पुल के स्थान पर 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 33.05 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत नया पुल पुराने पुल के अपस्ट्रीम साइड में बनाया जाना है। इसी प्रस्तावित स्थल को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
प्रभावितों की मांग है कि नया पुल पुराने पुल के स्थान पर ही बनाया जाए, ताकि विकास कार्य के साथ स्थानीय व्यापार और आवास भी सुरक्षित रह सकें।
प्रभावित व्यापारियों और भवन स्वामियों का दावा है कि प्रस्तावित निर्माण से 35 से अधिक परिवार और कारोबारी सीधे प्रभावित होंगे। उनका कहना है कि कई लोग वर्षों से यहां दुकान और कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। निर्माण के कारण उनके सामने रोजगार और आवास का संकट पैदा हो सकता है।
सभासद सुरेंद्र रावत, अनीता बर्त्वाल, लक्ष्मी देवी, प्रधान सांदर बंटी जगवान और विजया नेगी समेत प्रभावित लोगों ने सरकार से निर्माण स्थल की पुनः समीक्षा करने की मांग की है।
आंदोलन को नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत का समर्थन मिला है। उन्होंने प्रभावित लोगों की मांग का समर्थन करते हुए उनके साथ खड़े होने की बात कही है। इससे आंदोलनकारियों का मनोबल बढ़ा है।
लगातार बारिश के बावजूद महिलाएं और पुरुष धरना स्थल पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
आंदोलनकारियों का कहना है कि उन्हें पुल निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर स्थानीय लोगों का रोजगार और आशियाना उजाड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा। #facebookviral #viral #rudraprayag #instagram #uttarakhand #BJPGovernment