शौचालय बंद, खुले में जाने को मजबूर बच्चे; भरवलिया प्राथमिक विद्यालय में गंदगी से परेशानी
स्थानीय लोगों ने प्रधानाध्यापिका पर शौचालय न खुलवाने का लगाया आरोप, शासन से हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
बस्ती। साऊंघाट विकासखंड के कोड़रा ग्राम सभा स्थित भरवलिया प्राथमिक विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के लिए बना शौचालय नियमित रूप से नहीं खोला जा रहा है, जिसके चलते छात्र-छात्राओं को शौच के लिए खुले में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बच्चों की परेशानी के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यालय परिसर और उसके आसपास भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। जगह-जगह गंदगी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिम्मेदारों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं शासन-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय में शौचालय तत्काल खुलवाने, नियमित साफ-सफाई कराने तथा परिसर की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई है।
Basti, Basti | Sep 9, 2026