बीस साल से उपेक्षित संतपुर मिश्रौलिया में शुरू हुआ सड़क निर्माण
नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ निर्माण कराने के दिए निर्देश
बस्ती। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर वर्मा एवं सभासद राजन ठाकुर के साथ नगर पालिका के वार्ड नंबर-2 संतपुर मिश्रौलिया में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने बताया कि संतपुर मिश्रौलिया क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। नागरिकों की समस्या को देखते हुए नगर विकास मंत्री से सड़क निर्माण के लिए आग्रह किया गया था। इसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया है।
उन्होंने बताया कि यह सड़क पचपेडिया रोड से संतपुर मिश्रौलिया को जोड़ेगी। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, अवर अभियंता अर्पित निगम, नीतेश राय, आलोक पाण्डेय, कृष्ण मोहन शर्मा, अमिताभ मिश्र, मो. अख्तर, वृजमोहन शर्मा, आनंद राठौर, आशुतोष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Basti, Basti | Sep 9, 2026