बाढ़ में फंसे लोगों के बीच पहुंचे सांसद राम प्रसाद चौधरी, राहत-बचाव तेज करने के दिए निर्देश
प्रभावित गांवों में पहुंचकर जानीं लोगों की समस्याएं, जलनिकासी और जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने को कहा
बस्ती। बाढ़ की स्थिति के बीच सांसद राम प्रसाद चौधरी ने मंगलवार को जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने कन्हईपुर, भोसिया, चंद्रपलिया, खेमराजपुर, नरसिंहपुर, लकड़ी पाण्डेय, पकड़ी, अर्जुनपुर, ठोकर नंबर-10, सरवरपुर, पूरे मोतीराम, बर्दिया लोहार, अशोकपुर तथा कटारिया-चांदपुर सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
सांसद ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए रखने तथा स्थिति बिगड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सांसद ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों तक हरसंभव मदद पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सांसद के दौरे से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक मदद और राहत कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।
Basti, Basti | Sep 9, 2026