अधिकारी केवल कागजों में व्यवस्थाओं की समीक्षा न करें, बल्कि मंडियों में जाकर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की करें निगरानी : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
कैबिनेट मंत्री ने जिले की मंडियों में फसल खरीद व्यवस्था का लिया जायजा
हिसार, 29 सितंबर।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने मंगलवार को हिसार, बरवाला और उकलाना की अनाज मंडियों का दौरा कर फसल खरीद, उठान तथा किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने की मंडियों में पहुंचकर अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली तथा किसानों और आढ़तियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडियों में व्यवस्थाएं सुचारु रखने और किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों की फसल की खरीद प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए और खरीदी गई फसल का उठान भी बिना देरी के सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटी और संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से मंडियों में बारदाने की उपलब्धता, फसल खरीद, उठान, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय तथा किसानों के बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यवस्था में कमी सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने मंडियों में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार योजनाएं और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को सरकार की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र किसान इनका समय पर लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि आदाता की सुविधा, सम्मान और हित सरकार की प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खरीद सीजन के दौरान मंडियों में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने से लेकर उसके उठान तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूप धानक, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, हिसार मार्केट कमेटी के चेयरमैन रविंद्र रॉकी, डीएफएससी अमित शेखावत, मार्केट कमेटी सचिव भारत, पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, मार्केटिंग बोर्ड के एसई हेमंत मित्तल, एमिनेंट पर्सन अजयकांत जांगड़ा, अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी, व्यापारी प्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन (29 डीआईपीआरओ फोटो 07 से 11) : अनाज मंडियों में खरीद व्यवस्था का निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा।
Uklana, Hissar | Sep 30, 2026