दुर्गा पूजा को लेकर एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
बिक्रमगंज। दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें नगर परिषद क्षेत्र के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसडीओ ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने का निर्देश दिया। नवमी और दशमी को संभावित भीड़ को देखते हुए सभी स्वयंसेवकों के लिए पहचान-पत्र अनिवार्य किया गया। पंडालों के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पूजा अवधि की वीडियोग्राफी सुरक्षित रखने को कहा गया।
प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग रखने तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को पंडालों का नजरी नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को पंडालों की वायरिंग और आसपास की विद्युत व्यवस्था की जांच कर जोखिम दूर करने को कहा गया। वहीं, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पूजा पंडालों और विसर्जन के लिए रूट चार्ट तैयार करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। मीना बाजार, झूला सहित मनोरंजन गतिविधियों के लिए नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पंडालों के बाहर एलईडी स्क्रीन लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ का दबाव कम हो सके।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए गए। पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर किसी कमी की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया। बैठक में संबंधित पदाधिकारी और दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष मौजूद रहे।