नोखा के सूर्य मंदिर पोखर व छठ घाट का डीएम ने किया निरीक्षण, शौचालय निर्माण का निर्देश
रोहतास जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा और वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार के. ने शनिवार को नगर परिषद नोखा क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन पार्क, ऐतिहासिक सूर्य मंदिर पोखर एवं छठ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सूर्य मंदिर परिसर में अधिकारियों ने आगामी छठ पर्व को लेकर घाट की तैयारियों, पहुंच मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। डीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए छठ घाट पर शौचालय निर्माण कराने का निर्देश नगर परिषद नोखा के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया। घाट और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने को भी कहा। अधिकारियों ने चिल्ड्रेन पार्क का भी निरीक्षण किया। पार्क में बच्चों के खेलने के उपकरणों, परिसर की स्थिति और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पार्क की बाउंड्री को और ऊंचा किया जाएगा। साथ ही बाउंड्री पर आकर्षक पेंटिंग कराकर पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य प्राथमिकता से कराने का निर्देश दिया।