सेहत से खिलवाड़! नोहर में भवानी मिष्ठान भण्डार का मावा और न्यू श्री चंदगीराम का घी जांच में निकला अनसेफ, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू
#लालबहादुर_भाखर #hanumangarh
हनुमानगढ़। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नोहर के दो नामचीन प्रतिष्ठानों से लिए गए मावा और घी के नमूने प्रयोगशाला जांच में पूरी तरह 'अनसेफ' (असुरक्षित व अमानक) पाए गए हैं। रिपोर्ट सार्वजनिक होते ही विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवनीत शर्मा के अनुसार, खाद्य सुरक्षा दल ने 25 अगस्त को नोहर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर नमूने संकलित किए थे। जांच रिपोर्ट में साहवा रोड स्थित मैसर्स भवानी मिष्ठान भण्डार का मावा तथा रानी बाजार स्थित मैसर्स न्यू श्री चंदगीराम मिष्ठान भण्डार से लिया गया 'मनुवन ब्राण्ड' का घी उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्तालय स्तर से मनुवन घी के संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। वहीं विभाग दोनों प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM), नोहर की अदालत में चालान पेश कर सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। विभाग ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री बेचकर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।