हनुमानगढ़ जंक्शन: नवरत्न अस्पताल में बच्चे के इलाज पर देर रात फूटा परिजनों का गुस्सा, 'अस्पताल फूंकने' की धमकी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
#लालबहादुर_भाखर #Pilibanga #hanumangarh
हनुमानगढ़ स्थानीय नवरत्न अस्पताल के बाहर देर रात एक बच्चे के इलाज को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। बच्चा पिछले चार दिनों से अस्पताल में उपचाराधीन था। परिजनों का आरोप है कि अचानक चिकित्सक ने उन्हें बच्चे को किसी अन्य अस्पताल ले जाने की बात कह दी, जिससे परिजन आक्रोशित हो उठे।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बच्चे की स्थिति ऐसी थी कि उसे रेफर करने की आवश्यकता थी, तो यह जानकारी चार दिनों तक क्यों छिपाई गई और पहले क्यों नहीं दी गई। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर के बाहर माहौल गरमा गया। हंगामे के दौरान अस्पताल को आग लगाने तक की धमकी दिए जाने की बात सामने आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जंक्शन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, बच्चे की बीमारी की वास्तविक स्थिति और चिकित्सकीय लापरवाही से जुड़े आरोपों की आधिकारिक व स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।