खेत में बिछाए गए बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शंभू नगर बुटाहा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेतों में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से 55 वर्षीया महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में रोना-बिलखना मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभू नगर बुटाहा गांव के निवासी राम धीरज राजभर ने आरोप लगाया है कि गांव के ही सुभाष राजभर और सहदेव राजभर द्वारा खेतों को जंगली जानवरों से बचाने के नाम पर गांव से लेकर खेतों तक बांस-बल्लियों के सहारे बिजली के नंगे तार दौड़ाए गए थे।
21 सितंबर की रात लगभग 10 बजे राम धीरज की बहु बज्रना (55 वर्ष), पत्नी स्व. ओम प्रकाश राजभर, रास्ते से गुजरते समय इन विद्युत प्रवाहित नंगे तारों की चपेट में आ गईं। करंट इतना तेज था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का विरोध
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि शुरुआत में तुरंत मुकदमा दर्ज न होने पर परिजनों ने शव रखकर अपना विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मनकापुर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सुभाष राजभर और सहदेव राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Hardoi, Hardoi | Sep 23, 2026