इंसानियत हुई शर्मसार: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, 19 सप्ताह की गर्भवती हुई किशोरी, तीन अधेड़ों पर केस दर्ज
हैदराबाद थाना क्षेत्र के अजान चौकी इलाके का मामला, गरीबी का फायदा उठाकर आरोपियों ने गर्भपात कराने की भी की कोशिश, पुलिस ने शुरू की जांच
अजान खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र की अजान पुलिस चौकी इलाके के एक गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक गरीब और बेसहारा नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला तब उजागर हुआ, जब पीड़िता करीब 19 सप्ताह की गर्भवती हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजान चौकी क्षेत्र के गांव में एक अत्यंत गरीब परिवार निवास करता है। बच्चों की मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता परिवार के भरण-पोषण के लिए दूसरे राज्य में जाकर मजदूरी करते हैं। घर पर बच्चों की देखभाल उनकी वृद्ध एवं अशक्त दादी करती हैं। इसी लाचारी का फायदा उठाकर दरिंदों ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि करीब चार माह पूर्व एक गांव निवासी 55 वर्षीय एक अधेड़ ने अपने दो अन्य अधेड़ साथियों के साथ मिलकर गन्ने के खेत में शौच के लिए गई किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने किशोरी को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके भाई और पिता को जान से मार दिया जाएगा।
धमकी से डरी-सहमी किशोरी ने अपनी जुबान पर ताला लगा लिया, लेकिन करीब चार माह बाद जब उसके शरीर में गर्भावस्था के लक्षण दिखने लगे तो परिवार ने उससे सख्ती से पूछताछ की। तब रोते-बिलखते हुए किशोरी ने अपनी दादी को सारी आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़िता की पारिवारिक पृष्ठभूमि अत्यंत दयनीय है। घर में केवल वृद्ध दादी और एक छोटा विकलांग भाई रहता है। आरोप है कि इसी गरीबी और बेबसी का फायदा उठाकर आरोपी पक्ष लगातार मामले को दबाने का प्रयास कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार, मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपियों ने गांव की आशा कार्यकर्ती के माध्यम से पीड़िता का गर्भपात कराने की भी कोशिश की। वहीं, आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा पीड़ित परिवार को डरा-धमकाकर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन पीड़ित परिवार ने हिम्मत दिखाते हुए समझौते से इनकार कर दिया और परिजनों सहित थाने पहुंचकर तहरीर दी।
इस संबंध में हैदराबाद थाना प्रभारी महेश पाठक ने बताया कि पीड़िता के पिता राजेश कश्यप की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026