स्कूलों में कम उपस्थिति और अव्यवस्थाओं पर सीडीओ नाराज, सुधार के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम
हरदोई। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की उपस्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज-द्वितीय और संविलियन विद्यालय रेलवेगंज पहुंचकर शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और रसोईघर समेत विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान कई कमियां सामने आने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज-द्वितीय में पंजीकृत 37 विद्यार्थियों में केवल 21 बच्चे ही विद्यालय पहुंचे थे। इनमें भी 12 विद्यार्थी निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं मिले। कक्षा चार और पांच के बच्चों की हिंदी की कॉपियां देखने पर वर्तनी की कई गलतियां मिलीं। कॉपियों की नियमित जांच भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर सीडीओ ने शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों की कॉपियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
*दैनिक उपस्थिति कम से कम 90 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश*
कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक को अभिभावकों से लगातार संपर्क करने और विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति कम से कम 90 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर में घास-झाड़ियां, शौचालय और पेयजल व्यवस्था में खामियां भी मिलीं। रसोईघर में सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव पाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई और खंड शिक्षा अधिकारी का पर्यवेक्षण संबंधी उत्तरदायित्व तय करने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर फोटोयुक्त अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।इसके बाद सीडीओ ने संविलियन विद्यालय रेलवेगंज का निरीक्षण किया। यहां 76 नामांकित बच्चों में महज 35 उपस्थित मिले। कम उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। परिसर में उगी घास और झाड़ियों की सफाई तथा शौचालय तक जाने वाले रास्ते को सुगम बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई को कहा गया।सीडीओ ने विद्यालय के समीप उपलब्ध खाली प्राथमिक विद्यालय भवन के कक्षों का नियमानुसार शिक्षण कार्य में उपयोग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नियमित उपस्थिति और स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी डीएल राना और जिला समन्वयक एमडीएम मयंक त्रिपाठी मौजूद रहे।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026