बिहार सरकार की मद्य निषेध नीति को प्रभावी रूप से लागू करने एवं ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रोहतास जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियों द्वारा व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 02.11.2026 को जीविका, उत्पाद, मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी प्रखंडों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सैकड़ों जीविका दीदियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अभियान के तहत जीविका से संबद्ध सभी 43 संकुल स्तरीय संघों एवं ग्राम संगठनों के माध्यम से प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नासरीगंज, संझौली, रोहतास, राजपुर सहित विभिन्न प्रखंडों में विशेष बैठकों का आयोजन कर जीविका दीदियां स्वयं नशा नहीं करने, परिवार के सदस्यों को नशे से दूर रखने तथा अपने टोले-मोहल्ले को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रही हैं।
कार्यक्रमों के दौरान दीदियां अपने अनुभव साझा करते हुए शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से परिवार की आर्थिक स्थिति, घरेलू वातावरण तथा बच्चों की शिक्षा पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं। साथ ही नशामुक्त जीवन के सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक लाभों की जानकारी भी दी जा रही है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जीविका द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में सहयोगी संस्थाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
इस संबंध में जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, रोहतास श्री सुधीर बहादुर ने कहा कि जीविका दीदियां ग्रामीण समाज की सबसे सशक्त आवाज हैं। जिले की सवा लाख से अधिक दीदियों की सामूहिक भागीदारी से नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता पैदा होगी। हमारा उद्देश्य प्रत्येक परिवार को नशे की बुराई से मुक्त कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल समाज के निर्माण में योगदान देना है।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#Jeevika
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 2, 2026