बच्चों की राह हुई आसानः कलेक्टर श्री वर्मा के त्वरित निर्णय से किशनपुर स्कूल तक जेसीबी से तैयार कराया गया 20 फुट चौड़ा मार्ग
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश के बाद कृषकों की सहमति से मुख्य सड़क से स्कूल तक निकाला गया रास्ता
तहसील नरवर की ग्राम पंचायत जैतपुर के मजरा ग्राम किशनपुर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के लिए मुख्य मार्ग से 20 फुट चौड़ा रास्ता तैयार किया गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर दिए गए त्वरित निर्देशों के पालन में तहसीलदार नरवर विजय कुमार त्यागी की उपस्थिति में कृषकों की सहमति से जेसीबी मशीन के माध्यम से कराया गया है।
ग्राम किशनपुर के ग्रामवासियों ने कलेक्टर श्री वर्मा को जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि शासकीय प्राथमिक विद्यालय के लिए कोई रास्ता नहीं है, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है और बरसात के मौसम में आवागमन में अधिक कठिनाई आती है। विद्यार्थियों की समस्या और जनहित को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तहसीलदार नरवर को शासकीय विद्यालय के रास्ते के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशों के तहत तहसीलदार नरवर मौके पर पहुंचे और ग्राम जैतपुर के निजी खाते के सर्वे नंबर 2111/1, 2111/2 तथा 2111/3 में से निजी कृषकों की आपसी सहमति प्राप्त की गई। इसके बाद समस्त ग्रामवासियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन के माध्यम से मुख्य मार्ग से शासकीय प्राथमिक विद्यालय किशनपुर चक तक 20 फुट चौड़ा मार्ग बनाया गया।
तहसीलदार नरवर श्री विजय कुमार त्यागी ने बताया कि जनसुनवाई में ग्रामवासियों द्वारा रखी गई स्कूल रास्ते की समस्या पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार वे स्वयं मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि संबंधित किसानों की सहमति से मुख्य सड़क से शासकीय प्राथमिक विद्यालय किशनपुर चक तक रास्ता निकाला गया है। इस मार्ग पर पंचायत द्वारा जनपद से मुरम मंगवाकर डलवाई जा रही है। रास्ता खुल जाने से शासकीय स्कूल के बच्चों का मुख्य सड़क तक पहुंचना आसान हो गया है और अब विद्यार्थी किसी भी मौसम में सुगमता से स्कूल आ-जा सकेंगे।
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#shivpuri
18 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026