माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी का मुंगेर जिला अंतर्गत छठ पर्व के मौके पर संभावित आगमन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने तारापुर, खड़गपुर एवं जमालपुर काली पहाड़ी स्थित विभिन्न तालाबों एवं छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तारापुर प्रखंड अंतर्गत रणगांव शिवगंगा तालाब, नगर पंचायत तारापुर के धोबिया पोखर, लखनपुर तालाब तथा असरगंज स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर तालाब का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त खड़गपुर प्रखंड के रमणकाबाद छठ घाट एवं काली पहाड़ी छठ घाट पर भी पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं आवश्यक कार्यों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी चिह्नित तालाबों एवं घाटों पर साफ-सफाई, घाटों की मरम्मत, पहुंच पथ की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी घाटों पर बैनर पोस्टर आदि संस्थापन का भी संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Nov 12, 2026