विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम: टीआरसी लॉ कॉलेज में संविधान दिवस पर हुआ भव्य युवा संवाद
बाराबंकी। संविधान दिवस के पावन अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) की इकाई ‘मेरा युवा भारत, बाराबंकी’ के तत्वावधान में स्थानीय टीआरसी लॉ कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद – संविधान दिवस विशेष’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद का गौरव और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत श्री राम शरण वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 'मेरा युवा भारत, बाराबंकी' की जिला युवा अधिकारी श्रीमती रश्मि शबनम गुप्ता ने भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान की मूल भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें और ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री राम शरण वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह में नई ऊर्जा का संचार किया। उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उनके संघर्ष, जीवन अनुभवों और कृषि क्षेत्र में हासिल की गई ऐतिहासिक उपलब्धियों से प्रेरणा ली।
संवाद के दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद यूथ आइकन श्री अंकुर कुमार मिश्रा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आगाह किया और नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। वहीं, स्पोर्ट्स आइकन एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी श्री नीरज शर्मा तथा राज्य स्तरीय महिला खिलाड़ियों ने युवाओं को खेल, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास के जरिए सफलता के शिखर तक पहुंचने के मंत्र दिए।
इस अवसर पर टीआरसी लॉ कॉलेज के प्राचार्य श्री अश्वनी कुमार गुप्ता, समस्त शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी के द्वारा उद्देशिका भी पढ़ी गई तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया गया।
इस तरह के कार्यक्रम के लिए एक लाइक तो बनता है 👇
फॉलो करना ना भूलें - Barabanki Updates
#Barabanki #BarabankiUpdates #SamvidhanDiwas #ViksitBharat2047 #TRCLawCollege