कानून के डर से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक इच्छाशक्ति से रुकेगा बाल विवाह : उज्ज्वल उपाध्याय
बाराबंकी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर संवाद सामाजिक संस्थान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग बाराबंकी के संयुक्त आयोजन में विकास खण्ड देवा के सभागार में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री उज्ज्वल उपाध्याय ने कहा कि बाल विवाह केवल एक पुरानी सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि एक गंभीर एवं दंडनीय कानूनी अपराध भी है। यह बच्चों विशेषकर बालिकाओं के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। बाल विवाह को केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जागरूकता, शिक्षा और मजबूत इच्छाशक्ति से ही जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड विकास अधिकारी देवा ने कहा कि कम उम्र में विवाह से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल प्रशासन, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दें।
संवाद सामाजिक संस्थान के कार्यक्रम मैनेजर विनोद कुमार ने ग्राम पंचायत स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किशोरियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी, वहीं सहायक विकास अधिकारी ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन संवाद सामाजिक संस्थान के प्रमुख अतुल तिवारी ने किया। समापन पर सभी ने बाल विवाह न करने, न होने देने तथा इस कुप्रथा के विरुद्ध आवाज उठाने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम, मिशन शक्ति देवा टीम, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की लीगल टीम एवं अन्य विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम के लिए एक लाइक तो बनता है 👇
फॉलो करना ना भूलें - Barabanki Updates
#Barabanki #BarabankiUpdates #Dewa #BalVivahMuktBharat #SamvadSamajikSansthan