दीपावली पर पूर्व विधायक बृजेश वर्मा की सराहनीय पहल, मोची समाज के लोगों को मिठाई, अंगवस्त्र और आर्थिक सहयोग देकर बढ़ाया सम्मान
मल्लावां (हरदोई)। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बृजेश वर्मा ने मोची समाज के लोगों के बीच दीपावली की खुशियां साझा करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
नगर के बड़ा चौराहा मल्लावां पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक बृजेश वर्मा ने मोची समाज के लोगों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विकासखंड मल्लावां, माधौगंज और बिलग्राम में रहने वाले मोची समाज के लोगों के लिए दीपावली के अवसर पर मिठाई का एक डिब्बा, एक अंगोछा और 500 रुपये की आर्थिक सहायता भिजवाई।
इस पहल को तीनों विकासखंडों में लोगों तक पहुंचाने में सुधीर वर्मा, पीयूष पटेल और विनय वर्मा ने सहयोग किया। इनके माध्यम से मोची समाज के लोगों तक दीपावली की शुभकामनाओं के साथ सम्मान और सहयोग पहुंचाया गया।
पूर्व विधायक बृजेश वर्मा ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का अपना महत्व है। मेहनत, लगन और ईमानदारी से अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। समाज में किसी भी व्यक्ति को उसके कार्य या आर्थिक स्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि उसके सम्मान और योगदान के आधार पर देखा जाना चाहिए।
पूर्व विधायक की इस पहल से मोची समाज के लोगों में खुशी देखने को मिली। दीपावली के अवसर पर मिठाई, अंगवस्त्र और आर्थिक सहयोग देकर उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
Bilgram, Hardoi | Nov 10, 2026