बिलग्राम में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार, अनुपस्थित अफसरों का वेतन रोकने के निर्देश
हरदोई। बिलग्राम तहसील में मंगलवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि लेखपाल, कानूनगो अथवा तहसीलदार स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। केवल कागजी कार्रवाई करके शिकायतों का निस्तारण दिखाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गैरहाजिर अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं, पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिलग्राम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 10, 2026