किशनगंज जिले में PoSH Act 2013 को लेकर जिला प्रशासन की पहल, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर दिया जोर
किशनगंज जिला में आज दिनांक 20 अगस्त 2026 कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षित,सम्मानजनक एवं भेदभावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, किशनगंज की पहल पर महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज के तत्वावधान में PoSH Act 2013 से संबंधित उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन कनकई सभागार, DRDA भवन, किशनगंज में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बृजेश कुमार, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, किशनगंज, श्रीमती अंकिता सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS-सह-नोडल पदाधिकारी, WCDC, किशनगंज, श्रम अधीक्षक, किशनगंज एवं महिला एवं बाल विकास निगम के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों, अस्पतालों, विद्यालयों एवं प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत निवारण की प्रक्रिया, आंतरिक शिकायत समिति एवं स्थानीय शिकायत समिति की भूमिका तथा She-Box Portal से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
PoSH Act 2013 से संबंधित विषय पर श्रीमती रोशनी परवीन, केंद्र प्रशासक, वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं श्री सुशील कुमार झा, जेंडर स्पेशलिस्ट, DHEW, किशनगंज द्वारा जेंडर आधारित हिंसा एवं लैंगिक समानता से संबंधित विषय पर प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। श्री मो. शहनवाज आलम, जिला मिशन समन्वयक, DHEW, किशनगंज द्वारा आंतरिक शिकायत समिति, स्थानीय शिकायत समिति एवं She-Box Portal से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
अंकिता सिंह ने कहा—सुरक्षित कार्यस्थल हर महिला का अधिकार
श्रीमती अंकिता सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS-सह-नोडल पदाधिकारी, WCDC, किशनगंज ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल का निर्माण केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। PoSH Act 2013 महिलाओं को कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी शिकायत के लिए एक मजबूत कानूनी व्यवस्था उपलब्ध कराता है। जिला प्रशासन की पहल का उद्देश्य जिले के प्रत्येक कार्यालय एवं संस्थान तक इस कानून की जानकारी पहुंचाना और महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और संवेदनशीलता के माध्यम से ही हम महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं समान वातावरण का निर्माण कर सकते हैं।
बृजेश कुमार ने कहा—महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता
श्री बृजेश कुमार, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, किशनगंज ने कहा कि कार्यस्थल पर किसी भी महिला के साथ लैंगिक उत्पीड़न या भेदभाव स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक संस्थान का दायित्व है कि वह PoSH Act 2013 के प्रावधानों का प्रभावी रूप से पालन करे और महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करना एक सराहनीय एवं महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों को कानून की जानकारी के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों का भी बोध होता है। उन्होंने सभी संबंधित संस्थानों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर शिकायत समितियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाएं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन किशनगंज की इस पहल की उपस्थित प्रतिभागियों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा सराहना एवं प्रशंसा की गई। प्रतिभागियों ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम वर्तमान समय में बेहद आवश्यक हैं। ऐसे कार्यक्रमों से न केवल कानून की जानकारी मिलती है, बल्कि संस्थानों में महिलाओं के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलती है।कार्यक्रम के माध्यम से जिले के विभिन्न संस्थानों को यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक संस्थान और प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन की इस पहल से जिले में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रभावी संदेश गया। अंत में केंद्र प्रशासक, वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज द्वारा सभी पदाधिकारियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। #viralreelschallenge #viralpost #venezuela #vacaciones #viralchallenge #videogames #viralreels #2026Goals #newyork