#बालाघाट
CMCLDP के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ, विद्यार्थियों को वितरित की गई अध्ययन सामग्री
विद्यार्थियों ने ली स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ, समाजहित में सक्रिय भागीदारी का लिया संकल्प
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड बालाघाट द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, बालाघाट में किया गया। कार्यक्रम में पाठ्यक्रम से जुड़े छात्र-छात्राओं के साथ पूर्व छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राध्यापक श्री महावीर सिंह मरकाम सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में श्री भिवेंद्र धुर्वे, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती बैजयंती कटरे, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री ईसूलाल धावड़े, श्री हंसराज मेश्राम, परामर्शदाता तथा CMCLDP के छात्र-छात्राएं एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल
ब्लॉक समन्वयक श्रीमती बैजयंती कटरे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पाठ्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता, व्यक्तित्व विकास, सामुदायिक समस्याओं की पहचान तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने की क्षमता विकसित की जाती है।
उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए नई सीख, नई जिम्मेदारियों और समाजहित में कार्य करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम का गंभीरता से अध्ययन करने तथा प्राप्त ज्ञान का उपयोग समाज के विकास में करने का आह्वान किया।
समाज की समस्याओं के समाधान में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
प्राध्यापक श्री महावीर सिंह मरकाम ने कहा कि किसी भी समाज के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। युवाओं को समाज की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे क्षेत्रों में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। CMCLDP पाठ्यक्रम युवाओं को इसी दिशा में तैयार करने का कार्य करता है।
नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री ईसूलाल धावड़े, श्री हंसराज मेश्राम एवं परामर्शदाताओं ने विद्यार्थियों से अध्ययन सामग्री का नियमित उपयोग करने तथा पाठ्यक्रम की गतिविधियों के साथ-साथ समाज में होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ ली। विद्यार्थियों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में परामर्शदाता श्रीमती मालती बिसेन, श्री विजय सूर्यवंशी, श्री रूपचंद बोरिकर, श्री हरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्रीमती मालती बिसेन ने किया तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक श्रीमती बैजयंती कटरे ने किया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#highereducation
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026