#बालाघाट
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार संचालन,
201 बच्चे स्वस्थ होकर अस्पताल से लौटे
विशेष अभियान के 109 सत्रों में कुल 3959 बच्चों का मीजल्स-रुबेला टीकाकरण
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा मौसमी बीमारियों से प्रभावित बच्चों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजल्स, स्कैबीज और मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए पिछले एक माह में 229 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 201 बच्चे स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने गांव लौट चुके हैं। वर्तमान में 28 बच्चे अस्पताल में उपचाररत हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग की 20 सर्वेक्षण टीमों द्वारा घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। बीमार व्यक्तियों की जांच एवं उपचार के लिए 4 पीएम जनमन एएमएमयू, 10 चिकित्सा अधिकारी तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 4 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें उपचार एवं अस्पताल में भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
अब तक किए गए सर्वे में विभिन्न बीमारियों से प्रभावित 798 मरीजों की पहचान की गई है। इनमें 229 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया, जबकि 569 मरीजों को घर पर ही उपचार उपलब्ध कराया गया। अस्पताल में उपचार प्राप्त करने वाले 201 बच्चे स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका, घुम्मुर, अडोरी, मछुरदा, गठिया एवं मातला सहित प्रभावित ग्रामों में घर-घर सर्वे का कार्य जारी है। सर्वे के दौरान 715 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक की गोलियां वितरित की गई हैं। वहीं 678 बच्चों को आयरन सिरप तथा 572 बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोलियां दी गई हैं।
मीजल्स-रुबेला टीकाकरण के विशेष अभियान के तहत आज 23 अगस्त को 5 सत्रों में 277 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इस प्रकार अब तक 109 सत्रों में कुल 3959 बच्चों का मीजल्स-रुबेला टीकाकरण किया जा चुका है।
बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छर एवं अन्य संक्रमण नियंत्रण गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। आज 20 ग्रामों के 2652 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही 18 ग्रामों में इनडोर-आउटडोर सर्वे तथा 20 ग्रामों में लार्वा सर्वे का कार्य पूर्ण किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, टीकाकरण, पोषण संबंधी दवाओं के वितरण तथा संक्रमण नियंत्रण गतिविधियों को निरंतर जारी रखते हुए बच्चों एवं ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal
#healthminmp
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026