#बालाघाट
बिरसा के बीमारी प्रभावित ग्रामों में तेजी से सुधर रहे हालात,
प्रशासन की तत्परता से स्थिति सामान्य
आंगनबाड़ी में बच्चों को ताजा पका नाश्ता और मध्यान्ह भोजन,
स्वास्थ्य अमला घर-घर पहुंचकर कर रहा जांच
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में जिला प्रशासन की तत्परता और सक्रियता से स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा तथा अन्य विभागों द्वारा लगातार किए जा रहे राहत, उपचार, स्वच्छता और निगरानी संबंधी कार्यों से अब हालात सामान्य होने लगे हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित ग्रामों में आवश्यक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
आंगनबाड़ी में बच्चों को मिल रहा पौष्टिक भोजन
प्रभावित ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को बेहतर बनाया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सुबह ताजा पका हुआ नाश्ता देने के बाद मध्यान्ह भोजन भी कराया जा रहा है। इससे बच्चों को नियमित और पर्याप्त पोषण मिल रहा है। अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और बच्चों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
40 गांवों में घर-घर पहुंच रहा स्वास्थ्य अमला
स्वास्थ्य विभाग का अमला चिन्हित 40 गांवों में घर-घर जाकर सर्वे एवं लोगों तथा बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर रहा है। बीमार पाए जाने वाले लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर अथवा आवश्यकता वाले मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
कठिन परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी निभा रहा मैदानी अमला
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, सीएमओ एवं अन्य कर्मचारी कठिन और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। मैदानी अमले में ऐसे कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने पति अथवा अन्य सगे संबंधियों को खोया है, इसके बावजूद वे प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की सेवा और स्वास्थ्य जांच का कार्य निरंतर कर रहे हैं।
पशुओं का भी किया जा रहा टीकाकरण
बीमारी से प्रभावित तथा एहतियात के तौर पर चिन्हित ग्रामों में पशु चिकित्सा सेवा विभाग द्वारा पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अगस्त को अडोरी और पाथरी में पशुओं का टीकाकरण किया गया।
हैंडपंपों की सफाई, सुधार और क्लोरिनेशन
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र के ग्रामों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हैंडपंपों के सुधार, जल स्रोतों की सफाई और क्लोरिनेशन का कार्य किया जा रहा है। 23 अगस्त को ग्राम लंहगाकन्हार के सोनटोला, बखारीकोना, गंजेसर्रा और डोंगरिया में हैंडपंपों की सफाई, सुधार एवं क्लोरिनेशन का कार्य किया गया।
शालाओं और छात्रावासों में भी कड़ी निगरानी
प्रभावित क्षेत्र की शालाओं, आश्रम शालाओं एवं छात्रावासों में बच्चों के मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था पर अधिकारियों द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। ग्राम पंचायतों द्वारा भी गांवों की नालियों की सफाई कराई जा रही है, ताकि स्वच्छ वातावरण बना रहे और संक्रमण की संभावनाओं को कम किया जा सके।
जिला प्रशासन की सतत निगरानी, विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास और मैदानी अमले की सक्रियता से बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। साथ ही बैगा जनजाति के लोगों में भी बीमारी की स्थिति में समय पर चिकित्सक से उपचार कराने को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
#mp_wcdmp
#WelfareTribal
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026