मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत नाटक, गीत एवं संवाद के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्रीमती हेलन वसुनिया के मार्गदर्शन में मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय कलापथक दल एवं अशासकीय व्यवस्था कलामंडली पिपलिया के संयुक्त तत्वावधान में राणापुर, मेघनगर, पारा, खरडूबड़ी, कुंदनपुर, कल्याणपुरा एवं झाबुआ सहित विभिन्न स्थानों पर ‘नशे से दूरी है जरूरी’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों के दौरान नुक्कड़ नाटक, प्रेरक गीत, संवाद एवं शपथ के माध्यम से आमजन को शराब, गुटखा, धूम्रपान एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने बताया कि नशा एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी स्मरण शक्ति, सोचने-समझने की क्षमता एवं पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि नशामुक्ति के लिए व्यक्ति का दृढ़ संकल्प, परिवार का सहयोग, सकारात्मक वातावरण एवं उचित परामर्श अत्यंत आवश्यक है। नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए अपनी समस्या को स्वीकार कर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर नशामुक्ति केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई। साथ ही नशामुक्ति संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी भी प्रदान की गई।
विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से स्कूलों, महाविद्यालयों एवं हाट-बाजारों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त परिवार एवं समाज के निर्माण में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रोचक नुक्कड़ नाटक, गीत एवं संवाद को आमजन ने सराहा। कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026