न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के समापन अवसर पर विधिक प्रदर्शनी एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं संरक्षण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवडा के निर्देशन में आयोजित “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह-2026” के समापन अवसर पर 20 नवंबर 2026 को जिला न्यायालय परिसर, झाबुआ में विधिक प्रदर्शनी के साथ विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
विधिक प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रदर्शनी में नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बैनर एवं पेम्पलेट प्रदर्शित किए गए। साथ ही न्यायोत्सवः के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं का भी प्रदर्शन किया गया। उपस्थित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी/कर्मचारीगण एवं आमजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्यायोत्सवः का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय एवं विधिक जागरूकता का संदेश पहुँचाना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि न्यायोत्सवः सप्ताह के दौरान जिले में विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण, साइबर सुरक्षा और विधिक जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जेल एवं बाल संप्रेक्षण गृह में बंदियों एवं बच्चों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। दिव्यांगजनों के लिए विधिक सहायता शिविर तथा ग्रामीण एवं श्रमिक क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा, संपत्ति संबंधी अधिकार एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता एक निरंतर प्रक्रिया है और इसका संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे बताया कि विधिक जागरूकता के उद्देश्य से मैराथन एवं बाइक रैली का आयोजन भी किया गया, जिनके माध्यम से आमजन तक विधिक सहायता एवं न्याय संबंधी संदेश पहुंचाया गया। नालसा गीत के माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई तथा नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए इस हेल्पलाइन का लाभ उठा सकें।
उक्त अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय श्री अनुराग द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश श्री आलोक मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री प्रकाश केरकेट्टा, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार पाटीदार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री नितिन कुमार मुजाल्दा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिव कुमार डावर, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री श्रद्धा पटेल, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, अभिभाषक संघ अध्यक्ष श्री हेमेन्द्र प्रसाद अग्निहोत्री, अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी/कर्मचारीगण, प्राधिकरण के कर्मचारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP