यमुनानगर, 24 जून । जिला सचिवालय के सभागार में जिला अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक द्वारा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा की। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी बैंकों का केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को सफल बनाने में अहम योगदान होता है, सरकार की अधिकांश योजनाएं बैंकों से जुड़ी हुई होती है। इसलिए योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में बैंक की सबसे बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरतमंद को समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो जाती है, वह आत्मनिर्भर होकर अपना व अपने परिवार का पालन पोषण कर सकता है। इसलिए सभी बैंकों का यह दायित्व बनता है कि वे सरकार की योजनाओं के तहत ऋण लेने वालो आवेदकों को ऋण उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि बैंक के अधिकारी व कर्मचारी पात्र व्यक्ति की ऋण के माध्यम से सहायता कर देते हैं तो ऋण लेने वाले व्यक्ति का जीवन बदल सकता है। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में सभी बैंकों के अधिकारी भाग लेना सुनिश्चित करें और जो बैंक अधिकारी बैठक में भाग नहीं लेते उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में अवश्य लाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठक में उपस्थित सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आगामी बैठक में अपने-अपने बैंकों से संबंधित रिकार्ड की जानकारी अच्छी तरह से लेकर आएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत यदि किसी बेरोजगार युवा को बैंक की ओर से ऋण संबंधी सहयोग प्राप्त हो जाता है तो वह स्वरोजगार अपनाकर अपना व अपने परिवार का गुजारा ठीक से कर सकता है। उन्होंने कहा कि बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केन्द्र व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी होती है, इसलिए जब भी कोई पात्र व्यक्ति योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करता है, उस व्यक्ति को सरकार की योजना के बारे सही जानकारी देें और जो भी आवश्यक दस्तावेज चाहिए उसकी जानकारी भी प्रदान करें ताकि पात्र व्यक्ति को ऋण लेने में किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। इस प्रकार बैंक अधिकारी युवाओं को रोजगार तथा स्वावलंबी बनाने के लिए संवेदनशील होकर ऋण वितरण करें। उन्होंने कहा कि आवेदकों के आवेदन को अनावश्यक लंबित न रखा जाए तथा लाभार्थियों के प्रति संवेदनशील बने।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में एजेंडे में रखे बिन्दुओं बारे सम्बन्धित बैंक अधिकारियों से बिंदु वाइज समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों का केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ योग्य व्यक्ति को प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान होता है। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री परिवार समृद्धि योजना, मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्व-निधि योजना, स्टैंड अप इंडिया स्कीम सहित अन्य योजनाओं के तहत बैंकों द्वारा जो कार्य लंबित हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार द्वारा जो योजनाएं चलाई जा रही है उसका लाभ जल्द से जल्द लोगों को दें। सभी बैंक यह भी सुनिश्चित कर लें कि इन सभी योजनाओं का लाभ एक समय सीमा में लोगों को दिया जाए और इस तरह की योजनाओं का लाभ सभी सही पात्रों को ही दिया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारी व विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योग्य पात्रों को लाभ दिलवाने की दिशा में कार्य करें।
इस बैठक में एलडीएम सुभाष चन्द , आरबीआई एलडीओ मनु भारद्वाज, नाबार्ड से सुनील कुमार सहित सभी बैंकों के डीसीओ व उनके प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।