एक-एक वोट देश के भविष्य के लिए मूल्यवान - दुर्गेश
करतारपुरा में मतदाता सत्यापन अभियान में जांचें मतदाताओं के दस्तावेज
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम के विभिन्न वार्डों में मतदाता सत्यापन एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में करतारपुरा क्षेत्र बूथ नंबर 49, 50 एवं 63 पर विशेष गहन पुनरीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।
इस विशेष अभियान के दौरान महावीर शक्ति केंद्र प्रभारी ममता सेन, बीएलओ रेखा गुलाटी व स्वच्छ भारत मिशन टीम से आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। इस अवसर पर करतारपुरा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर और उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागरिकों ने निर्वाचन आयोग की इस घर-द्वार पहल की सराहना की और मौके पर ही अपने दस्तावेजों की जांच करवाई। टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष बूथ स्थापित करने के साथ-साथ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के तहत स्थानीय निवासियों को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, पुराने नामों में संशोधन कराने, निवास स्थान बदलने पर स्थानांतरण (शिफ्टिंग) करने तथा अपात्र व मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने की ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। यदि नाम, पते या उम्र में कोई त्रुटि है, तो समय रहते फॉर्म भरकर उसमें सुधार करवाएं ताकि भविष्य में मतदान के समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पात्र और विशेषकर युवा नागरिकों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में बताया गया। शक्ति केंद्र प्रभारी ममता सेन व नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन के आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने कहा कि एक-एक वोट देश के भविष्य के लिए मूल्यवान है। भारत निर्वाचन आयोग के इस विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ और संबंधित टीमें लगातार फील्ड में रहकर मुस्तैदी से काम कर रही हैं।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Jun 24, 2026