हीरापुर हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलीं मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
परिजनों को बंधाया ढांढस, कहा, दुःख की इस घड़ी में सरकार आपके साथ
मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम हीरापुर में गणेश पंडाल में हुए हादसे में चार युवकों के निधन के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री श्रीमती उइके ने परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
मंत्री श्रीमती उइके ने शोकाकुल परिजनों से कहा कि “इस दुःख की घड़ी में मैं आपके साथ हूं, सरकार आपके साथ है।” उन्होंने कहा कि हादसे में अपनों को खोने का दुःख अत्यंत पीड़ादायक है। शासन-प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री ने परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए उनके दुःख में सहभागी होने की बात कही। उन्होंने दिवंगत युवकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Sampatiya Uikey
2 views | Mandla, Madhya Pradesh | Sep 26, 2026