बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उनकी मुस्कान का हिस्सा बनीं मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
टीकरवारा में आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों एवं माताओं से किया संवाद
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत ग्राम टीकरवारा के आंगनबाड़ी केन्द्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके शामिल हुईं। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों एवं माताओं से आत्मीय संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वीडियो संदेश भी उपस्थित महिलाओं, बच्चों एवं अभिभावकों को दिखाया गया। वीडियो संदेश के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए फल, मिठाई एवं अन्य बाल-सुलभ सामग्री उपलब्ध कराई गई। मंत्री श्रीमती उइके ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी आने और मन लगाकर सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने माताओं से भी बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की बात कही।
इस दौरान बच्चों एवं माताओं से स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों और माताओं के लिए संवाद एवं सहभागिता का केंद्र बनाने पर जोर दिया गया। स्थानीय स्तर पर बच्चों के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल एवं पठन सामग्री की व्यवस्था भी की गई।
आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों, माताओं एवं अभिभावकों के साथ जीवंत संवाद स्थापित कर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बाल विकास से जुड़ी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती श्रद्धा उईके कवरेती, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Sampatiya Uikey