*विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जहानाबाद का 5वां वार्षिकोत्सव संपन्न, पर्यावरण संरक्षण हेतु उल्लेखनीय कार्यों के लिए हुआ सम्मानित*
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा स्थानीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वृक्षारोपण कार्यक्रम के 5वें वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव अस्तित्व से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है तथा वृक्षारोपण इसका प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता का संरक्षण एवं प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाने एवं उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सके।
कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद को विगत पाँच वर्षों से निरंतर एवं नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए बिहार सरकार के माननीय पर्यावरण मंत्री श्री रामचंद्र प्रसाद द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।यह सम्मान न केवल प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों की स्वीकृति है, बल्कि समाज के लिए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है। संस्था के सदस्यों ने इस सम्मान को जनसहयोग, युवा शक्ति एवं गायत्री परिवार की पर्यावरणीय चेतना का परिणाम बताया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकाधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। वहीं दूसरी ओर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा डीपीएस स्कूल के संचालक श्री संतोष जी की निजी भूमि पर 100 पौधों का रोपण भी किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, संयुक्त सचिव सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजीव कुमार, अपर समाहर्ता श्री विनय कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सुश्री पूनम कुमारी, निदेशक डीआरडीए डॉ. रोहित कुमार तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री दीनानाथ सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा इस अवसर पर गायत्री परिवार के दर्जनों कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
#सबका_सम्मान_जीवन_आसान
#विश्व_पर्यावरण_दिवस
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar