गूजरी महल संग्रहालय में सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित
सात दिन तक निःशुल्क देख सकेंगे दर्शक, विद्यार्थियों को दिखाई गई भारत की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर
सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और उनकी अवैध तस्करी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय गूजरी महल, ग्वालियर में शनिवार को छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की गई। अंतर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी का विषय "सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध" रखा गया है। प्रदर्शनी आम नागरिकों के अवलोकन के लिए सात दिन तक निःशुल्क खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. जितेन्द्र शर्मा, प्राचार्य पं. श्यामाचरण उपाध्याय कॉलेज, मुरैना तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज अवस्थी, विभागाध्यक्ष माधव महाविद्यालय, ग्वालियर और श्री पी.सी. महोबिया, उपसंचालक, पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, गूजरी महल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उपसंचालक श्री पी.सी. महोबिया ने बताया कि प्रदर्शनी में वर्षों के शोध, अथक मेहनत और संरक्षण के माध्यम से संजोई गई दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्री को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक संपदा के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा ऐतिहासिक धरोहरों की चोरी और अवैध तस्करी रोकने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है। प्रदर्शनी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा तैयार की गई है।
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, बादलगढ़, ग्वालियर के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने भारत की प्राचीन ऐतिहासिक धरोहरों को नजदीक से देखा और उनके महत्व को समझा। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री अनूप ब्रह्म भट्ट ने किया। इस अवसर पर पुरातत्व विभाग के श्री मुकेश कुमार हलवा, श्री विकास रैकवार, श्री बिहारी शरण शर्मा, श्री संतोष वर्मा, श्री चन्दन सिंह परिहार, श्री भूपेन्द्र पाल, श्री सुन्दर लाल एवं श्री अजय द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#gwalior
#gujarimahal
#CulturalHeritage
PRO Gwalior
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh