बछवाड़ा प्रखंड स्थित ONS चिमनी झमटिया के समीप जमींदारी बांध टूटने से गंगा-बाया नदी का पानी कई इलाकों में फैल गया था। जिसके बाद जल संसाधन विभाग द्वारा मरम्मती कार्य शुरू किया गया और अब बांध मरम्मती कार्य अंतिम चरण में है और पानी का बहाव रुक गया है। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह घटना सोमवार अहले सुबह हुई, जब जमींदारी बांध में रिसाव और पानी के अत्यधिक दबाव के कारण वह टूट गया। बांध टूटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रानी एक, दो और तीन पंचायत के हिस्से जलमग्न हो गए, जिससे किसानों की सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद हो गईं। कई घर पानी की चपेट में आ गए एवं आवाजाही भी प्रभावित हुई।
घटना के तुरंत बाद जल संसाधन विभाग ने जमींदारी बांध का मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया था। पिछले 72 घंटों से यह कार्य लगातार जारी है और अब अंतिम पड़ाव पर है। विभाग के कर्मी स्थानीय लोगों के सहयोग से बांध को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
जल संसाधन विभाग के एसडीओ मनीष कुमार ने बताया कि सोमवार अहले सुबह बांध में रिसाव और पानी के दबाव के कारण यह टूट गया था। उन्होंने जानकारी दी कि 20 मीटर बांध टूटा था, जिससे पानी कई हिस्सों में फैल गया। उन्होंने ने कहा कि अब पानी का बहाव बंद हो चुका है और मरम्मत कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।