बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर गुरुवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिला। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान दादूपुर पंचायत के वार्ड संख्या 14, नारेपुर श्रवण टोल दियारा निवासी जयराम साह के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों के चीख और पुकार से इलाके में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकाश कुमार राय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शी नाविक भिखारी सिंह ने बताया कि उन्होंने गंगा नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। पहले उन्हें लगा कि कोई डूब रहा है, लेकिन करीब जाने पर पता चला कि वह एक मृत युवक का शव था।
मृतक के चाचा प्रभु साह ने बताया कि मनीष बुधवार दोपहर घर से निकला था। जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा, परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई आता-पता नहीं चल सका और गुरुवार सुबह उसका शव गंगा नदी में मिला।
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राय ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि मनीष मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता थे और छह साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनका चार साल का एक बेटा तथा दो साल की एक बेटी है। मनीष चार भाइयों में सबसे बड़ा भाई थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उन्होंने ने पीड़ित परिवार के लिए सरकारी सहायता की मांग की।
थानाध्यक्ष विकाश कुमार राय ने बताया कि गंगा नदी में एक युवक का शव मिला है, जिनकी पहचान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है।