झाझा में 3.80 लाख का बिजली तार चोरी, 1950 मीटर कंडक्टर गायब
सलैया से चिनबेरिया के बीच नौ पोल से तार चोरी, निर्माण कंपनी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की
जमुई। झाझा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन 33 केवी विद्युत लाइन से करीब 3.80 लाख रुपये का तार चोरी होने का मामला सामने आया है। सलैया गांव से चिनबेरिया के बीच नौ बिजली पोल पर लगे लगभग 1950 मीटर एसीएसआर वुल्फ कंडक्टर को अज्ञात चोरों ने गायब कर दिया।
इस मामले में निर्माण कंपनी एसयूसीजी लॉयड लिमिटेड के साइट इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने झाझा थानाध्यक्ष को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
कंपनी के अनुसार, साइट सुपरवाइजर संजय कुमार ने तार चोरी की सूचना दी थी। इसके बाद मंगलवार को साइट इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां नौ पोल से कंडक्टर गायब मिला। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत 3 लाख 80 हजार 859 रुपये बताई गई है।
कंपनी ने पुलिस से चोरों की पहचान कर तार बरामद करने की मांग की है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
Jamui, Jamui | Oct 29, 2026