आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में राशन कार्ड, ई-केवाईसी एवं धान अधिप्राप्ति कार्यों की हुई समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश*
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आज दिनांक 07.11.2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड निर्माण एवं वितरण, लंबित आवेदनों के निष्पादन, लाभुकों के ई-केवाईसी तथा धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों के राशन कार्ड निर्माण एवं लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले में लाभुकों के लंबित ई-केवाईसी की समीक्षा की गई। इसमें पकरीबरावां, वारिसलीगंज, अकबरपुर एवं सिरदला प्रखंड का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की समीक्षा के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सीएमआर प्राप्ति की अवधि 15 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक है। वहीं, धान अधिप्राप्ति की अवधि 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक है। धान अधिप्राप्ति का कुल लक्ष्य 1,09,734 एमटी है, जिसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। वहीं, 10 नवंबर 2026 तक 1,005 एमटी सीएमआर जमा करने का निर्देश दिया गया था। 10 नवंबर 2026 के बाद लक्ष्य के अनुरूप सीएमआर जमा नहीं करने पर संबंधित पैक्स के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी मिलों के भौतिक सत्यापन का कार्य चल रहा है। भौतिक सत्यापन के बाद ही मिलों की टैगिंग की जाएगी। पोर्टल पर 19 मिलों द्वारा निबंधन किया गया है।
बैठक में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्री आलोक कुमार के साथ-साथ सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।