देव छठ मेला मंच से सांसद का बागेश्वर बाबा पर बड़ा हमला, समाजसेवी लव कुमार ने दिया करारा जवाब
औरंगाबाद । चार दिवसीय छठ मेला के उद्घाटन के दौरान राजनीतिक बयानबाजी से माहौल गर्म हो गया। समारोह में औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा।सांसद ने कहा कि वैसे बाबा से सावधान रहना चाहिए जो समाज को बांटने का काम करता है। उन्होंने कहा कि जिसको यह भी पता नहीं है कि राजा दशरथ के पुत्र राम थे और देवकी के पुत्र श्रीकृष्ण थे, वह क्या कथा बांचेगे। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री कभी बाबा हो ही नहीं सकते जो लोगों को दिग्भ्रमित करने का काम करता हो। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब किसी न किसी रूप में भगवान अवतार लेते हैं और अधर्मियों का अंत करते हैं। हम रोकने-टोकने की बात नहीं करते, हम तो लोगों को जगाने का काम कर रहे हैं। आज कितने बाबा जेल की हवा खा रहे हैं।
वहीं नवीनगर विधानसभा के प्रत्याशी रहे समाजसेवी लव कुमार सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि सांसद महोदय को मैं अच्छी तरह से जानता हूं। बागेश्वर बाबा के बारे में मैं नहीं कहूंगा कि कौन पाखंडी है और कौन क्या है, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि नवीनगर में आने से वह रोक नहीं सकते हैं।