मऊ में डीएम आनंद वर्द्धन ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण
मऊ में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे एफएलसी यानी प्रथम स्तरीय जांच कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा, निगरानी और रखरखाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। एफएलसी कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इंजीनियरों और टेक्नीशियनों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।