*रोल प्रेक्षक / मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बूथों का किया निरीक्षण, नए व पात्र मतदाताओं का नाम बढ़ाने के दिए निर्देश*
*जनपद बस्ती, 28 नवम्बर 2026 -*
विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अन्तर्गत शनिवार को रोल प्रेक्षक, बस्ती, संत कबीरनगर एवं सिद्धार्थनगर / मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने बस्ती सदर विधान सभा-310 एवं कप्तानगंज विधानसभा-308 के बूथों का निरीक्षण किया।
*बस्ती सदर में निरीक्षण -*
गांधीकला भवन बूथ संख्या 129, 130, 131, 132, 133 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ श्रीमती सावित्री देवी, नितान्त कश्यप, श्रीमती रेनू शर्मा, आशा देवी, शाकेत सिंह उपस्थित पाए गए। पांचों बूथों के बीएलओ एक साथ बैठे हुए पाए गए और किसी भी बीएलओ ने अपना पहचान पत्र धारण नहीं किया था, न ही किसी के पास बीएलओ रजिस्टर पाया गया।
इस पर रोल प्रेक्षक ने मौके पर उपस्थित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रमोद कुमार को निर्देशित किया कि अलग-अलग बूथ के अनुसार बैठने की व्यवस्था कराई जाए एवं पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए जाएं। बीएलओ को भी निर्देश दिया कि अपना-अपना पहचान पत्र अवश्य धारण करें, जिससे उनका नाम व बूथ संख्या की पहचान आम जनमानस को आसानी से हो सके।
*बैरिहवां में बीएलओ की प्रशंसा -*
इसके उपरान्त प्राथमिक विद्यालय बैरिहवां बूथ संख्या 124, 125, 126 का भी निरीक्षण किया। बूथ संख्या 124 के बीएलओ श्रीमती चन्द्रकला के कार्यों से रोल प्रेक्षक / मण्डलायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए उनकी प्रशंसा की। सम्बंधित बीएलओ ने फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8, जेन्डर रेशियो, बीएलओ रजिस्टर के बारे में जानकारी दी। उपरोक्त सभी बूथों पर 17 नवम्बर 2026 से आज तक फार्म-6 की संख्या काफी कम पाई गई। रोल प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं के फार्म-6 प्राप्त कर शीघ्र कार्यवाही की जाए।
... *कप्तानगंज में भी फार्म-6 कम -*
कप्तानगंज विधानसभा-308 के अन्तर्गत कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कप्तानगंज-II बूथ संख्या 299, 300 का निरीक्षण किया गया। यहां भी फार्म-6 की संख्या बहुत कम पाई गई। फार्म-6 बढ़ाने के लिए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
*प्रेक्षक ने दिए कड़े निर्देश -*
सभी बूथों के निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बूथ पर फार्म-6, 7, 8 की संख्या कम पाई गई एवं किसी भी बीएलओ के पास बीएलओ रजिस्टर नहीं पाया गया, किसी भी बूथ पर प्रचार-प्रसार हेतु फ्लेक्सी / बैनर नहीं पाया गया।
इस सम्बंध में प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि फार्म-6, 7, 8 की संख्या बढ़ाने के लिए सम्भ्रान्त नागरिकों / जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए एवं प्रत्येक बीएलओ को बीएलओ रजिस्टर एवं बीएलओ पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया जाए। अभियान के दौरान व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता का नाम दर्ज होने से छूटने न पाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त (न्यायिक) सुरेन्द्र प्रसाद यादव, अपर आयुक्त (प्रशासन) मनोज कुमार तिवारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बस्ती सदर प्रमोद कुमार, हर्रैया के प्रदुम्मन कुमार, कप्तानगंज के शशि बिन्द कुमार द्विवेदी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*संवाददाता - हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Nov 28, 2026