समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 12 नवम्बर 2026
छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम
छठ महापर्व 2026 के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आज दिनांक 12 नवम्बर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में नगर भवन बक्सर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को छठ महापर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
प्रमुख निर्देश एवं व्यवस्थाएँ निम्नवत हैं:-
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था: सभी थानाध्यक्षों को होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन आदि की नियमित जाँच करने तथा असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख घाटों पर ऊँचे स्थानों, मकानों एवं टावरों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
घाटों की सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग: सभी नगर निकायों एवं प्रखंडों को छठ घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, खतरनाक घाटों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैरिकेडिंग की सुरक्षा जाँच कर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। खतरनाक घाटों पर लाल फीता लगाया जाएगा।
भीड़ नियंत्रण एवं निगरानी: प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफर एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी घाटों के संपर्क पथों पर लगातार भ्रमणशील रहकर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
Anti-Sabotage जाँच: सभी प्रमुख घाटों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर एंटी-सैबोटाज जाँच कराने तथा आवश्यकता के अनुसार मेटल डिटेक्टर से औचक जाँच करने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएँ: घाटों एवं संपर्क पथों की साफ-सफाई, पेयजल, अस्थायी चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, जनरेटर एवं सड़कों की मरम्मति सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया।
आपदा प्रबंधन एवं चिकित्सा व्यवस्था: प्रमुख घाटों पर नाव, नाविक एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। NDRF/SDRF की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, दवाएँ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। प्रमुख घाटों पर QRT भी गठित की जाएगी।
अग्निशमन एवं विद्युत व्यवस्था: अग्निशमन वाहनों को अलर्ट मोड में रखने तथा घाटों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
यातायात एवं पार्किंग: बक्सर एवं डुमराँव के प्रमुख घाटों के समीप पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मोटरसाइकिल गश्ती भी कराई जाएगी।
नाव परिचालन एवं पटाखों पर प्रतिबंध: सभी घाटों एवं संपर्क पथों पर पटाखे छोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। छठ पर्व के दौरान घाटों पर निजी नावों के परिचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सोशल मीडिया निगरानी: सोशल मीडिया एवं साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार निगरानी रखने, अफवाहों का त्वरित खंडन करने तथा भ्रामक सूचनाएँ फैलाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पूजा समितियों से समन्वय: संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों एवं स्वयंसेवकों की सूची प्राप्त कर सत्यापित करने तथा उनके सहयोग से घाटों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष एवं प्रतिनियुक्ति:
छठ महापर्व के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा, बक्सर में कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06183-223333 है। इसके प्रभारी पदाधिकारी श्री कुमार नचिकेता, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रहेंगे तथा वरीय प्रभार में श्री शशिकांत पासवान, अपर समाहर्त्ता (लोक शिकायत निवारण) सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रहेंगे।
छठ पर्व के अवसर पर जिले में निम्नानुसार बल एवं पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है:
नियंत्रण कक्ष:- 18
स्टैटिक मजिस्ट्रेट:- 334
गश्ती दल:- 59
QRT:- 48
घाटों के संपर्क पथ:- 37
जोनल मजिस्ट्रेट:- 12
सुरक्षित मजिस्ट्रेट :- 32
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी करेंगे।
छठ महापर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता, बक्सर एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), बक्सर रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #CMSamrat #samratchaudhary
Buxar, Bihar | Nov 12, 2026