छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण, नौ नवंबर तक पूरे होंगे सौंदर्यीकरण के कार्य
जहानाबाद : लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।शनिवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने काको, घोसी, हुलासगंज एवं मखदुमपुर प्रखंड के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
डीएम ने काको प्रखंड के सूर्य मंदिर छठ घाट एवं धरहरा घाट, घोसी के सूर्य मंदिर घाट एवं झुनकी घाट, हुलासगंज के सुकियावां घाट तथा मखदुमपुर के पलेया एवं कृष्णवंशी छठ घाट का जायजा लिया। काको सूर्य मंदिर घाट पर उन्होंने घाटों के संवेदनशील एवं गहरे जल वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य नौ नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। घाटों और पहुंच पथों की नियमित सफाई के लिए चौबीसों घंटे सफाईकर्मियों की तैनाती करने को कहा। डीएम ने सभी प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम, मोबाइल चेंजिंग रूम, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को खुले एवं नंगे तारों की जांच कर सुरक्षित तार लगाने तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस बल, दंडाधिकारी, गोताखोर और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
घोसी के झुनकी घाट पर चेकपोस्ट में पुलिस की सक्रियता संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। घाट की अधिक गहराई की समस्या पर मिट्टी भराई, खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने और चेतावनी संकेतक लगाने को कहा। इसके अलावा सिविल सर्जन को चिकित्सा दल, आवश्यक दवाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।