मुरैना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन हेतु व्यापक जनभागीदारी का आह्वान*
*जिला से लेकर पंचायत स्तर तक आयोजित होंगे योग कार्यक्रम,अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें - कलेक्टर*
*टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर कराएं पंजीयन*
मुरैना, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल एवं व्यापक आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में विविध योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने निर्देश दिए हैं कि योग दिवस केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि ब्लॉक, ग्राम पंचायत, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक रूप से आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योग से जुड़ सकें।
कलेक्टर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित किया जाएगा।जिसके लिए स्थान निर्धारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए।
इसके पूर्व 14 जून 2026 को काउंटडाउन कार्यक्रम आयोजित कर योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता हो सके।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं समय रहते पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
पंजीयन एवं योग प्रशिक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर संपर्क कर सकते हैं। कॉल करने के पश्चात संबंधित व्यक्ति के व्हाट्सएप नंबर पर योग प्रशिक्षण सत्र की लिंक उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से वे प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से अलग-अलग लॉगिन करना अनिवार्य होगा।
आयुष विभाग के अनुसार नियमित योगाभ्यास से तनाव में कमी आती है, हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा शरीर एवं मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने, परिवार के साथ योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है, ताकि “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” का संकल्प साकार हो सके।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, नगर निगम आयुक्त, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।