मुरैना तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सभी विभाग निभाएं सक्रिय भूमिका : कलेक्टर*
*राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कार्यशाला में स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर हुआ मंथन*
मुरैना, 8 जून 2026/ राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू नियंत्रण विषयक जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यशाला में तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों, इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों तथा प्रभावी नियंत्रण उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि तंबाकू सेवन केवल व्यक्ति विशेष के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका व्यापक नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विभिन्न विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के श्री आनंद वर्मा ने विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रस्तुतीकरण देते हुए तंबाकू सेवन से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी खतरों, नियंत्रण की आवश्यकता तथा इसके दूरगामी सामाजिक और आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अनेक गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है।
श्री वर्मा ने वैश्विक वयस्क तंबाकू सर्वेक्षण के आंकड़ों के आधार पर मध्यप्रदेश में तंबाकू सेवन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने नगरीय निकायों, स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तंबाकू नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की।
कार्यशाला में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून के प्रभावी पालन, अवयस्कों की तंबाकू उत्पादों तक पहुंच रोकने, तंबाकू मुक्त गांवों एवं तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों के निर्माण पर विशेष बल दिया गया। साथ ही प्रदेश के बच्चों, किशोरों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों एवं अपेक्षित सहयोग पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त एसडीएम, नगर निगम आयुक्त, जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।