एसपी बने सार्थक श्राद्ध के प्रेरणा स्रोत,आशा आश्रय में की श्राद्ध श्रद्धा भोजन की शुरुआत
बड़वानी 27 सितंबर 2026/भारतीय सनातन परंपराएं सदैव ही समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर जीवन शैली का हिस्सा बनी है। हर एक धार्मिक आचरण एवं संस्कार में कोई न कोई भावपूर्ण उद्देश्य जुड़ा हुआ है। जो इन उद्देश्यों को समझ लेता है वह इसे सहर्ष आत्मसात करते हुए उसका अनुपालन करता है। हमारी परंपराओं के पीछे छुपी सर्वजन हित भावना सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ बनाने का कार्य करती है। यह श्रद्धा हमारे दिवंगत पूर्वजों के प्रति उन्हें याद करने की एक मन भावना है। वहीं दूसरी ओर पितृपक्ष के पालन के नियम में जरूरतमंदों को भोजन कराना वस्त्र दान करना तथा अन्य सहयोगी संसाधनों को देना सिखाया गया है। इसी कड़ी में बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के द्वारा अपनी माता जी के पुण्य श्राद्ध के अवसर पर आशा ग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित निराश्रित मनोरोगियों के आश्रय गृह में सह परिवार श्री गणेश पूजन कर सार्थक श्राद्ध श्रद्धा की पहल की गई। उन्होंने जरूरतमंदों को भोजन करवा कर सभी लोगों को भी इस भाव से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया ने बताया आशा आश्रय गृह से कोई भी व्यक्ति किसी भी स्वरूप में सहयोगी के रूप में जुड़ सकता है तथा अपना योगदान दे सकता है। सार्थक श्राद्ध श्रद्धा उसी की एक परिणीति है। इस दौरान बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला सह परिवार उपस्थित हुए। इस अवसर पर श्री धीरज बब्बर एडिशनल एसपी, डॉ केपी सिंह ट्रस्टी,बड़वानी थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन, श्री गजेंद्र सिंह निगवाल आर आई ट्रस्ट के श्री सचिन दुबे,एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।